23 Feb 2026
फरीदपुर विधानसभा उपचुनावर- दीपेश भारती ने गांव-गांव पहुंचकर सुनी जनता की समस्याएं
फरीदपुर विधानसभा में होने वाले उपचुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस के प्रत्याशी दीपेश भारती ने व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाते हुए विभिन्न गांवों और समुदायों के बीच पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान दीपेश भारती ने नगी रामपुर में मुस्लिम, जाटव और धोबी बिरादरी के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने सड़क, बिजली, पानी, रोजगार, पेंशन और आवास जैसी मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रत्याशी ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि जनता की आवाज को प्राथमिकता दी जाएगी और संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।
इसके अलावा उन्होंने ग्राम भुवनपुर, नवादा, मेवा लाडपुर, फतेहगंज पूर्वी, फैजनगर, सिंगोही, पदारथपुर, उगनपुर तथा गौटिया फरीदपुर में भी व्यापक जनसंपर्क किया। इन क्षेत्रों में उन्होंने मजदूरों, किसानों और व्यापारियों से संवाद स्थापित किया। किसानों ने फसलों के उचित मूल्य, सिंचाई व्यवस्था और खाद-बीज की उपलब्धता की समस्या रखी, वहीं मजदूरों ने रोजगार और मजदूरी दरों को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। व्यापारियों ने स्थानीय बाजारों में सुविधाओं की कमी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुद्दे उठाए।
दीपेश भारती ने कहा कि फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि उन्हें जनता का आशीर्वाद मिला तो क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और व्यापार के क्षेत्र में ठोस और पारदर्शी कार्य किए जाएंगे।
इस दौरान जिला अध्यक्ष अतीकराम इदरीशी सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जनसंपर्क अभियान के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने प्रत्याशी का स्वागत किया।
उपचुनाव को लेकर फरीदपुर विधानसभा में राजनीतिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और विभिन्न दलों के प्रत्याशी जनता के बीच पहुंचकर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं।