बरेली, 19 जुलाई 2026।
ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस पार्टी के तत्वावधान में आज रोटरी भवन, सिविल लाइंस, बरेली में इंडियन डेमोक्रेटिक एलायंस (IDA) के बैनर तले देश के लगभग 20 से 25 क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मंथन बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट वसी अहमद ने की, जबकि कार्यक्रम के संयोजक बरेली जिला अध्यक्ष अतीक करम इदरीसी रहे।
बैठक में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर व्यापक रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, सामाजिक न्याय, संविधान की मूल भावना, राजनीतिक भागीदारी तथा वंचित, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक एवं किसानों की आवाज़ को एक साझा मंच से बुलंद करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में उपस्थित नेताओं ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि देश और प्रदेश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए समान विचारधारा वाले दलों का एकजुट होकर कार्य करना समय की आवश्यकता है। सभी दलों ने आगामी विधानसभा चुनाव में साझा रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरने तथा गठबंधन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडवोकेट वसी अहमद ने कहा कि देश के छोटे एवं क्षेत्रीय राजनीतिक दल जनता के वास्तविक मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं। आज आवश्यकता इस बात की है कि सामाजिक न्याय, संविधान, लोकतंत्र और सभी वर्गों की समान भागीदारी के लिए कार्य करने वाले दल एक मंच पर आकर जनहित की राजनीति को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि इंडियन डेमोक्रेटिक एलायंस आने वाले समय में एक मजबूत वैकल्पिक राजनीतिक शक्ति के रूप में कार्य करेगा।
ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस के प्रदेश संगठन मंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता मुख्तार अहमद ने कहा कि यह बैठक केवल राजनीतिक गठबंधन तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में गठबंधन को मजबूत किया जाएगा तथा जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
बैठक में ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट वसी अहमद, राष्ट्रीय संगठन मंत्री मुख्तार अंसारी, राष्ट्रीय महासचिव मुस्तकीम मंसूरी, प्रदेश संगठन मंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता मुख्तार अहमद, प्रदेश संयुक्त सचिव एडवोकेट अकील उद्दीन, जिला अध्यक्ष अतीक करम इदरीसी, लीगल एडवाइजर शकील अहमद, 122 फरीदपुर विधानसभा प्रत्याशी दीपेश भारती सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त गठबंधन में शामिल दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों में प्रो. रामबख्श सिंह वर्मा (राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी), राजकुमार सैनी (लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी), प्रो. मोहम्मद सुलेमान (इंडियन नेशनल लीग), गोपाल सिंह कुशवाहा (राष्ट्रीय समानता दल), डॉ. बी.पी. अशोक (पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी), शिव प्रसाद यादव (सर्वजन सुखाय पार्टी), घनश्याम कोरी (स्वतंत्र जनताराज पार्टी), डी.आर. गौतम (धरती मानवतावादी पार्टी), विजय कसाना एडवोकेट (भारतीय वीर दल), ओमपाल सिंह कश्यप (सर्वजन लोक शक्ति पार्टी), कर्नल राजेंद्र यादव (सर्वजन आवाज पार्टी), एस.पी. वर्मा (समदर्शी समाज पार्टी), डॉ. राजवीर सिंह पाल (भारतीय हरित पार्टी), चंद्रसेन भारती (गरीब समाज स्वराज पार्टी), शत्रुघ्न सिंह निषाद (अभय समाज पार्टी), पन्नालाल चौहान (नेशनल लोकतांत्रिक कांग्रेस पार्टी), विपिन पाल (राष्ट्रीय संस्कृति पार्टी), इंद्रपाल पासी (जस्टिस पार्टी), गौतम भारती (आदर्श संग्राम पार्टी) तथा अखिलेश सैनी एडवोकेट (अखंड समाज पार्टी) सहित अनेक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी दलों के नेताओं ने एक स्वर में लोकतंत्र, सामाजिक न्याय एवं संविधान की रक्षा के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में साझा रणनीति के साथ आगे बढ़ने का संकल्प व्यक्त किया।