समाचार विवरण

  21 Jul 2026

IDA गठबंधन ने केरल भवन से जंतर-मंतर तक निकाला मार्च, सोनम वांगचुक एवं आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में

नई दिल्ली, दिनांक: 24 जुलाई 2026।
इंडियन डेमोक्रेटिक एलायंस (IDA) के बैनर तले आज केरल भवन से जंतर-मंतर तक एक शांतिपूर्ण मार्च निकाला गया। मार्च में देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 21 राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों एवं वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया और लोकतांत्रिक अधिकारों, सामाजिक न्याय तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।

मार्च का नेतृत्व ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट वसी अहमद की सरपरस्ती में किया गया। जंतर-मंतर पहुंचकर सभी दलों के नेताओं ने सोनम वांगचुक तथा आंदोलनरत छात्रों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और उनके द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से समाधान निकालने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने का अधिकार देता है। लोकतंत्र की मजबूती संवाद, सहमति और संवैधानिक मूल्यों के पालन से ही संभव है।

ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट वसी अहमद ने कहा कि देश के विभिन्न सामाजिक, छात्र एवं जनआंदोलनों की आवाज़ को संवेदनशीलता के साथ सुना जाना चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में बातचीत और संवाद ही समस्याओं के समाधान का सर्वोत्तम माध्यम है।

मार्च में शामिल नेताओं ने सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा जनहित के मुद्दों पर मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस सहित IDA गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।