समाचार विवरण

  24 Aug 2026

लखनऊ में IDA के राजनीतिक चिंतन सम्मेलन में शामिल हुए वसी अहमद और दीपेश भारती

लखनऊ। इंडियन डेमोक्रेटिक अलायंस (IDA) के तत्वावधान में लखनऊ में आयोजित “राजनीतिक चिंतन सम्मेलन” में ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट वसी अहमद एवं दीपेश भारती ने सहभागिता की। सम्मेलन में लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय तथा वंचित और पिछड़े वर्गों की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने को लेकर विचार-विमर्श हुआ।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए एडवोकेट वसी अहमद ने कहा कि लोकतंत्र में जनता को भय और दबाव की राजनीति से ऊपर उठकर अपने विवेक के आधार पर निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए सभी वंचित वर्गों को एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।

दीपेश भारती ने कहा कि बहुजन समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने सामाजिक एवं राजनीतिक एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता पैदा करनी होगी।

सम्मेलन में वक्ताओं ने सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की राजनीति पर चिंता व्यक्त करते हुए सामाजिक सौहार्द, समानता और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के विभिन्न वंचित वर्ग यदि अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ेंगे तो नफरत और विभाजन की राजनीति को चुनौती दी जा सकती है।

इस अवसर पर वसी अहमद ने कहा, “जिस दिन बहुजन समाज अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर एकजुट होगा, उस दिन नफरत की राजनीति टिक नहीं पाएगी।”

सम्मेलन में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय तथा संविधान की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।